चुनाव में पलानीस्वामी को सबक सिखाइए, द्रमुक का शासन सुनिश्चित करिए: उदयनिधि की जनता से अपील
चुनाव में पलानीस्वामी को सबक सिखाइए, द्रमुक का शासन सुनिश्चित करिए: उदयनिधि की जनता से अपील
तिरुवन्नमलाई (तमिलनाडु), 31 मार्च (भाषा) तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने ऑल इंडिया अन्ना द्रविड मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के प्रमुख पलानीस्वामी के खिलाफ अपना हमला जारी रखते हुए, मंगलवार को जनता से अपील की कि वह पलानीस्वामी को राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को लाने के प्रयास के लिए ‘सबक सिखाए’ और द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन को फिर से सत्ता में लाए।
चेन्नई से लगभग 195 किलोमीटर दूर तिरुवनमलाई में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए द्रमुक के युवा प्रकोष्ठ के नेता उदयनिधि ने कहा कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होने वाला विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन नीत ‘सेक्युलर प्रोग्रेस अलाएंस’ और अन्नाद्रमुक प्रमुख के. पलानीस्वामी के बीच मुकाबला है, जो भाजपा को राज्य में ‘‘लाना’’ चाहते हैं।
उदयनिधि ने कहा, ‘‘ तमिलनाडु चुनाव हमारे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच की टक्कर है। हम राज्य के विकास और कल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं, वहीं पलानीस्वामी यहां भाजपा को लाना चाहते हैं। वह प्रधानमंत्री मोदी के अंधभक्त हैं। मैंने पहले भी कहा है कि पलानीस्वामी प्रधानमंत्री के कट्टर अनुयायी हैं।’’
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा

Facebook


