डूसू चुनाव के प्रचार में शिक्षक से ‘मारपीट’ के बाद मोतीलाल नेहरू कॉलेज के शिक्षकों का प्रदर्शन
डूसू चुनाव के प्रचार में शिक्षक से ‘मारपीट’ के बाद मोतीलाल नेहरू कॉलेज के शिक्षकों का प्रदर्शन
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) के आगामी चुनाव के लिए प्रचार कर रहे एक छात्र द्वारा कथित तौर पर एक शिक्षक के साथ मारपीट किए जाने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज (सांध्य) के शिक्षकों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया।
इस कथित घटना के बाद शिक्षक कॉलेज में एकत्र हुए और छात्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एक शिक्षक ने कहा, ‘‘डूसू के एक प्रचारक ने एक शिक्षक के साथ मारपीट की। वह गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।’’
शिक्षक ने कहा, ‘‘शिक्षक डूसू चुनाव के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। हम प्राथमिकी भी दर्ज कराएंगे और चुनाव संबंधी किसी भी कार्य का बहिष्कार करेंगे। छात्रों को अपनी सीमाएं समझने की जरूरत है। शिक्षकों के साथ मारपीट नहीं की जा सकती।’’
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को तत्काल यह पता नहीं था कि कथित प्रचारक किस छात्र संगठन का प्रतिनिधित्व कर रहा था।
यह घटना उस दिन हुई, जब डूसू चुनाव के लिए प्रचार अभियान समाप्त हुआ।
डूसू चुनाव के लिए मतदान 18 सितंबर को होगा जबकि मतगणना शनिवार, 19 सितंबर को की जाएगी।
भाषा
प्रचेता माधव
माधव

Facebook


