हैदराबाद, आठ जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण के एक किशोर प्रशंसक की बुधवार को तेलंगाना के वारंगल में मौत हो गई जो एक दुर्लभ आनुवांशिक विकार से जूझ रहा था।
निरंजन (17) नामक किशोर की हालत पिछले कुछ दिन में ज्यादा बिगड़ गई थी और बुधवार सुबह उसकी सांसें थम गईं। परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
कल्याण ने 17 जून को वारंगल के पास हनुमाकोंडा में निरंजन के घर जाकर उससे मुलाकात की थी।
इस दुर्लभ विकार के कारण निरंजन का विकास थम गया था और वह बिस्तर पर रहने को मजबूर था।
जन सेना के अध्यक्ष कल्याण को उनकी पार्टी के नेताओं ने बताया था कि निरंजन उनसे मिलना चाहता है।
निरंजन से मुलाकात के दौरान कल्याण ने उसके माता-पिता को एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी और परिवार को तिरुपति वेंकटेश्वर मंदिर का ‘कल्याणम अक्षतालु’ (पवित्र चावल) दिया।
भाषा वैभव नरेश
नरेश