दिल्ली में विवाह समारोह में चाकू के हमले में किशोर की मौत, एक अन्य घायल
दिल्ली में विवाह समारोह में चाकू के हमले में किशोर की मौत, एक अन्य घायल
नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) दिल्ली के बाहरी इलाके में एक विवाह समारोह में खाने की व्यवस्था को लेकर हुए विवाद में चाकू से किये गए हमले में 17 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य नाबालिग घायल हो गया। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब 11.15 बजे रानी बाग इलाके में घटी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान निखिल यादव के रूप में हुई, जो एक मोटर मैकेनिक था जबकि घायल की पहचान उसके मित्र सनी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों रोहिणी के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार, विवाह समारोह में खाने-पीने की व्यवस्था को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निखिल और सनी ने झगड़ा सुलझाने के लिए दोनों गुटों के बीच हस्तक्षेप करने की कोशिश की, तभी एक अन्य नाबालिग लड़के ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों लड़कों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने निखिल को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सनी को कमर के नीचे चाकू मारा गया था और उसका इलाज किया जा रहा है तथा उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
इस बीच, पुलिस ने बताया कि पुलिस के एक अपराध दल ने घटनास्थल का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज सहित सबूत जुटाए।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी और उसके साथी को पकड़ लिया गया है और हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि निखिल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और एक मामला दर्ज कर लिया गया है।
भाषा अमित माधव
माधव

Facebook


