हैदराबाद, 10 फरवरी (भाषा) तेलंगाना के नारायणपेट जिले में नगर निकाय का चुनाव लड़ रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रत्याशी ने मंगलवार को कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे महादेवप्पा (45) ने मक्तल स्थित अपने घर में सुबह करीब साढ़े चार बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि फिलहाल, उन्हें उकसाने का कोई प्रथम दृष्टया सबूत नहीं मिला है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से इस मामले की जांच कर रही है।
अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिवार के सदस्यों की ओर से कोई विशिष्ट आरोप नहीं लगाया गया है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बी. शिवधर रेड्डी ने यहां पत्रकारों को बताया कि इस घटना के सिलसिले में मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन मामले की जांच जारी है।’’
इस घटना के बाद मंगलवार को यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कार्यालय पर प्रदर्शन किया और पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीजीपी कार्यालय में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के बाद पुलिस उन्हें एक वाहन में बिठाकर ले गई।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ कांग्रेस और राज्य के खेल मंत्री वकिति श्रीहरि के समर्थकों द्वारा दी गई धमकियों ने मक्तल कस्बे में वार्ड पार्षद पद के लिये भाजपा प्रत्याशी को यह कदम उठाने के लिए मजबूर किया।
उन्होंने एक बयान जारी कर श्रीहरि को राज्य मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।
राज्य में नगर निकाय चुनाव 11 फरवरी को होंगे।
भाषा राजकुमार दिलीप
दिलीप