तेलंगाना मानवाधिकार आयोग ने छात्रावास में खाद्य विषाक्तता के मामले में रिपोर्ट तलब की

Ads

तेलंगाना मानवाधिकार आयोग ने छात्रावास में खाद्य विषाक्तता के मामले में रिपोर्ट तलब की

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 04:09 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 04:09 PM IST

हैदराबाद, 10 जुलाई (भाषा) तेलंगाना मानवाधिकार आयोग (टीजीएचआरसी) ने शुक्रवार को नागरकुरनूल के जिला कलेक्टर को राज्य सरकार द्वारा संचालित जनजातीय कल्याण बालक आवासीय विद्यालय में कथित खाद्य विषाक्तता की घटना पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इस घटना में नाश्ता करने के बाद 26-27 छात्र कथित तौर पर बीमार पड़ गए थे।

आयोग ने नागरकुरनूल जिले के अमराबाद मंडल के मन्नानूर गांव स्थित विद्यालय में बृहस्पतिवार को हुई कथित खाद्य विषाक्तता की घटना संबंधी मीडिया रिपोर्टों का स्वत: संज्ञान लिया।

आयोग ने जिला कलेक्टर से घटना के कारणों और प्रभावित छात्रों की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने जांच के निष्कर्ष, भोजन और पानी के नमूनों की जांच रिपोर्ट, यदि किसी की जिम्मेदारी तय हुई है तो उसके खिलाफ की गई कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उठाए गए एहतियाती कदमों का भी ब्यौरा मांगा है।

एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले में अगली सुनवाई 11 अगस्त को होगी, जब आयोग के समक्ष रिपोर्ट पेश की जाएगी।

भाषा

राखी नरेश

नरेश