नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने होली के दिन दो परिवारों के बीच हुई झड़प में 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद उत्तम नगर इलाके में अर्धसैनिक बलों और पुलिस कर्मियों को तैनात किया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले के संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
अधिकारी ने कहा कि इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।
सूत्रों ने बताया कि एक हिंदू राजनीतिक संगठन के सदस्यों ने भी पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है, जिसमें तरुण (26) की मौत और पीड़ित परिवार पर हुए कथित हमले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है।
यह घटना बुधवार को उत्तम नगर के जेजे कॉलोनी इलाके में हुई, जब होली के जश्न के दौरान अलग अलग समुदाय के दो परिवारों के बीच विवाद हिंसा में बदल गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि विवाद एक गुब्बारे से रंगीन पानी के छींटे पड़ने के बाद शुरू हुआ, जिससे दोनों परिवारों के सदस्यों के बीच तीखी बहस हो गई।
इस झड़प में गंभीर रूप से घायल हुए तरुण ने बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि छत पर होली खेल रही 11 वर्षीय बच्ची ने नीचे अपने रिश्तेदारों पर पानी का गुब्बारा फेंका था, लेकिन वह सड़क पर गिरकर फट गया, जिससे दूसरे परिवार की एक महिला पर रंगीन पानी के छींटे आ गए।
झड़प में घायल हुए तरुण के दादा मान सिंह ने आरोप लगाया कि महिला ने उन्हें अपशब्द कहे और जल्द ही अपने परिवार के कई सदस्यों को इकट्ठा कर लिया, जिन्होंने कथित तौर पर होली खेल रहे लोगों पर हमला किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि हालांकि शुरू में स्थिति शांत होती दिखी, लेकिन बाद में लोगों का एक समूह फिर से इकट्ठा हुआ और तरुण पर उस समय हमला कर दिया जब वह अपने दोस्तों के साथ होली खेलकर घर लौट रहा था।
सिंह ने दावा किया, ‘उन्होंने उसे बेरहमी से पीटा और जब वह सड़क पर पड़ा था तो उसके सीने पर एक बड़ा पत्थर भी फेंका।’
तरुण के चाचा रमेश ने भी आरोप लगाया कि युवक पहले हुए विवाद से अनजान था और जब उसने गली में प्रवेश किया तो लाठी, डंडे और पत्थरों से लैस आठ से दस लोगों के समूह ने उस पर हमला कर दिया।
घटना के बाद, परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर उत्तम नगर थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इलाके में खड़े कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया और प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों से भिड़ने की कोशिश भी की। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया।
पुलिस ने कहा कि स्थिति पर करीब से नजर रखी जा रही है और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है। पुलिस
द्वारका के उपायुक्त (डीसीपी) कुशल पाल सिंह ने कहा, ‘ पुलिस टीमों ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।’
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा