कोहिमा, 23 जून (भाषा) नगालैंड की एक प्रमुख जनजातीय संस्था ने मणिपुर में कुछ दिन पहले नगा समुदाय के छह लोगों की हत्या किये जाने की मंगलवार को कड़ी निंदा की और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की।
इसने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर भी गंभीर चिंता जताई।
ये प्रस्ताव ‘तेन्यीमी यूनियन नगालैंड’ (टीयूएन) के पहले सालाना आम सत्र में पारित किए गए। यह संस्था राज्य की पांच जनजातियों अंगामी, चाखेसांग, पोचुरी, रेन्गमा और जेलियांग का एक शीर्ष संगठन है।
यह सत्र यहां मेरियमा के बादजे स्थित ‘अंगामी गजटेड ऑफिसर्स क्रोथो बिल्डिंग’ में ‘एकता के माध्यम से प्रगतिशील समाज’ विषय पर आयोजित किया गया था।
एक कड़ा प्रस्ताव पारित करते हुए, टीयूएन ने मणिपुर के कांगपोकपी जिले में इस महीने की शुरुआत में कथित तौर पर कुकी उग्रवादियों द्वारा छह निर्दोष नगाओं की ‘बर्बर हत्या’ की निंदा की।
यूनियन ने इन हत्याओं को ‘बर्बर और अमानवीय’ करार दिया और मणिपुर तथा भारत सरकार के साथ-साथ कानून लागू करने वाली एजेंसियों से वारदात में शामिल लोगों की तुरंत पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप