श्रावस्ती (उप्र), 27 सितंबर (भाषा) श्रावस्ती जिले में 10 साल की लड़की से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी ने थाना ले जाए जाते समय एक दारोगा की सरकारी पिस्तौल छीनकर कथित रूप से पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके उपरांत पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुआ है।
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बताया कि 22 सितंबर को भिनगा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 10 साल की लड़की जंगल में नित्यकर्म के लिए गई थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस को 27 वर्षीय शंकर नामक व्यक्ति पर शक हुआ, जिसके आधार पर पुलिस और विशेष कार्य दल (एसओजी) की संयुक्त टीम ने शनिवार रात आरोपी को गिरफ्तार किया।
भाटी ने बताया कि आरोपी के साथ घटनास्थल की तस्दीक करने के बाद उसे लेकर पुलिस वापस थाने लौट रही थी। लेकिन इसी दौरान आरोपी शंकर ने दारोगा अनुराग सिंह की सरकारी पिस्तौल छीन ली और भागते हुए पुलिस दल पर चार चक्र गोलियां चलायीं।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से शंकर घायल हो गया और उसे गिरफ्तार करके अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियुक्त के कब्जे से पुलिस की छीनी गई सरकारी पिस्तौल और छह कारतूस बरामद किये गये हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और बच्चों का यौन अपराधों से संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत पहले से मामला दर्ज है, लेकिन इस मामले में अब पुलिस से पिस्तौल छीनने समेत अन्य आरोपों में भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शंकर के खिलाफ भिनगा कोतवाली में मारपीट, आबकारी अधिनियम तथा अन्य मामलों में पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं।
भाषा सं. सलीम संतोष
संतोष