(तस्वीर सहित)
नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) जयपुर से आ रही एक तेज रफ्तार ‘स्लीपर बस’ मंगलवार देर रात यहां करोल बाग के झंडेवालान इलाके में हनुमान मंदिर के पास एक मोड़ पर मुड़ने के दौरान पलट गई जिससे दो यात्रियों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रात करीब एक बजे करोल बाग थाने को घटना की सूचना मिली जिसमें बताया गया कि दुर्घटना के बाद कई यात्री एक बस के अंदर फंसे हुए हैं।
मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर ने एक बयान में बताया कि जयपुर से दिल्ली आ रही बस में लगभग 30 यात्री सवार थे।
दुर्घटनास्थल के पास एक चौकी पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस तेज गति से चल रही थी और मंदिर के पास एक गोलचक्कर पर मोड़ लेते समय नियंत्रण खो देने के बाद पलट गई।
अधिकारी ने बताया कि उनकी टीम यातायात व्यवस्था संभाल रही थी, तभी उन्हें गोलचक्कर के पास एक तेज आवाज सुनाई दी।
उन्होंने कहा, ‘हम तुरंत मौके पर पहुंचे, लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे, कई लोग गाड़ी से बाहर निकलने की कोशिश में शीशे तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। गाड़ी मोरी गेट की ओर जा रही थी।’
दिल्ली अग्निशमन सेवा को भी इस घटना के संबंध में देर रात 1.10 बजे सूचना मिली।
प्रत्यक्षदर्शी गोकुल ने कहा, ‘भगवान का शुक्र है, यातायात का मार्ग बदलने के लिए हाल में वहां पुलिस चौकी स्थापित की गई थी। पुलिस की मौजूदगी के कारण एक बड़ी घटना टल गई।’
अधिकारी ने बताया कि करोल बाग थाना प्रभारी (एसएचओ) के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम, दिल्ली अग्निशमन सेवा के कर्मियों, पिकेट स्टाफ और रात्रि गश्त कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और फंसे हुए यात्रियों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत प्रयास शुरू किए गए।
उन्होंने कहा कि पास में मौजूद एक जेसीबी मशीन की मदद से बस को उठाया गया और फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने बताया कि करीब 10 घायलों को गंगा राम अस्पताल ले जाया गया जिन्हें बाद में छुट्टी दे दी गई जबकि 12 घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल और एक व्यक्ति को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
अधिकारी ने कहा कि घायल दो पुरूष यात्रियों ने राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि मृतकों में से एक की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी शाहबाज आलम (30) और 22 वर्षीय महेश के रूप में हुई है।
राजस्थान के अलवर निवासी बस चालक पंकज कुमार (26) को हिरासत में ले लिया गया है और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज हो रहा है।
करोल बाग थाने में बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (तेज गति से वाहन चलाना), 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य) और 106 (लापरवाही से मृत्यु का कारण बनना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अधिकारी ने बताया, ‘‘मामले की जांच जारी है और अस्पतालों से घायलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’
अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई तथा जनता और अग्निशमन विभाग की सहायता से कई जानें बचाई जा सकीं।
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बस तेज गति से चलाई जा रही थी और मोड़ लेते समय उसका संतुलन बिगड़ गया।
उत्तम नगर से नयी दिल्ली जा रहे प्रत्यक्षदर्शी निर्मल ने कहा, ‘हमें पता चला कि एक ऑटो रिक्शा को बचाते समय बस पलट गई।’
ऑल इंडिया टूरिस्ट बस एसोसिएशन के अध्यक्ष गोला श्याम ने बताया कि जब बस मोरी गेट की ओर जा रही थी, तब एक ऑटो-रिक्शा और एक मोटरसाइकिल तेज गति से बस की ओर आ रहे थे।
उन्होंने बताया कि उनसे टकराने से बचने के लिए बस चालक ने अचानक बस को मोड़ दिया, जिससे बस पलट गई, और साथ ही उन्होंने कहा कि बस के ब्रेक फेल हो गए थे।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश