‘ट्रांसजेंडर’ व्यक्ति की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी ओडिशा पुलिस से हुई मुठभेड़ में घायल हुआ

Ads

‘ट्रांसजेंडर’ व्यक्ति की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी ओडिशा पुलिस से हुई मुठभेड़ में घायल हुआ

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 07:11 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 07:11 PM IST

भुवनेश्वर, 12 फरवरी (भाषा) शहर के पास इस महीने की शुरुआत में एक ‘ट्रांसजेंडर’ व्यक्ति की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी ओडिशा के पुरी जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, एक फरवरी की रात भुवनेश्वर-पुरी राजमार्ग पर उत्तरा चौक के पास ट्रांसजेंडर व्यक्ति खून से लथपथ हालत में मिला था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।

पुरी के पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई गई थी। उन्होंने कहा कि इस दौरान कोणार्क के 25 वर्षीय कृष्णा कांडी की पहचान मुख्य आरोपी के रूप में हुई।

अधिकारी ने बताया कि बुधवार शाम पिपिली थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि कांडी तारकाजू इलाके में घूम रहा है।

उन्होंने कहा कि जब पुलिस उसे पकड़ने पहुंची तो उसने पुलिस पर गोली चला दी।

सिंह ने कहा कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें कांडी घायल हो गया।

अधिकारी ने बताया कि कांडी को पहले पिपिली के अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।

पिपिली के एसडीपीओ सचिन पटेल ने बताया कि कृष्णा कांडी समेत तीन लोग मोटरसाइकिल से ट्रांसजेंडर व्यक्ति के पास पहुंचे थे और उनका इरादा उससे नकदी व कीमती सामान लूटने का था।

पटेल ने कहा कि जब ट्रांसजेंडर व्यक्ति ने विरोध किया तो आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने कृष्णा कांडी और एक अन्य आरोपी सानिल कांडी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

मुठभेड़ स्थल से एक मोटरसाइकिल, कारतूस, एक हथियार और दो खाली खोखे बरामद हुए हैं।

एसडीपीओ ने बताया कि कृष्णा कांडी के खिलाफ अलग-अलग थानों में 13 मामले दर्ज हैं, जबकि सानिल कांडी के खिलाफ एक मामला दर्ज है।

भाषा जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल