दिल्ली में होली के दिन अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा

Ads

दिल्ली में होली के दिन अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा

  •  
  • Publish Date - March 4, 2026 / 08:50 PM IST,
    Updated On - March 4, 2026 / 08:50 PM IST

नयी दिल्ली, चार मार्च (भाषा) दिल्ली में होली के दिन बुधवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और यह मार्च महीने में अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा और यह 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा, जो 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पालम में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक, 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक, 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

लोधी रोड पर अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक, 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक, 33.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक, 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने बताया कि सुबह 8:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 71 प्रतिशत और शाम 5:30 बजे 33 प्रतिशत दर्ज की गई।

इसने बृहस्पतिवार के लिए न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान लगाया है, साथ ही दिन के समय तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 161 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, बृहस्पतिवार से छह मार्च तक वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में रहने का अनुमान है।

भाषा

शुभम सुभाष

सुभाष