दिल्ली में बारिश से लोगों को उमस से मिली राहत, मौसम विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया

Ads

दिल्ली में बारिश से लोगों को उमस से मिली राहत, मौसम विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 09:44 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 09:44 PM IST

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) दिल्ली के कई हिस्सों में मंगलवार को हुई मध्यम बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राष्ट्रीय राजधानी के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

आईएमडी ने बताया कि इस दौरान शहर के आया नगर में सबसे अधिक 49.3 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा हुई।

आईएमडी के अनुसार, मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक आया नगर में 49.3 मिलीमीटर, सफदरजंग में 9.4 मिलीमीटर, पालम में 8.1 मिलीमीटर, लोधी रोड में 3.7 मिलीमीटर और रिज क्षेत्र में 1.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बुधवार को दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान जताते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया।

विभाग ने चार से छह अगस्त के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया।

आईएमडी के अनुसार, मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान आया नगर में सर्वाधिक 23.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

इस अवधि में सफदरजंग, पालम और रिज क्षेत्र में हल्की वर्षा हुई, जबकि लोधी रोड पर बारिश नहीं हुई।

आईएमडी के मुताबिक, सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री कम 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पालम में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री कम 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

लोधी रोड पर अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने चार से छह अगस्त के बीच दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर वर्षा होने का अनुमान जताया है।

विभाग के अनुसार, दिल्ली में 10 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 64 दर्ज किया गया, जिससे शहर की वायु गुणवत्ता लगातार चौथे दिन ‘संतोषजनक’ श्रेणी में बनी रही।

सीपीसीबी के अनुसार एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश