राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश हुई, बढ़ते तापमान से राहत मिली
राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश हुई, बढ़ते तापमान से राहत मिली
नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को आसमान में काले बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई, जिससे लगातार बढ़ते तापमान से राहत मिली।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, हवा के रुख में बदलाव और एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मौसम में यह परिवर्तन हुआ है। इसके चलते बुधवार को भी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आसमान आंशिक या सामान्य रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और हल्की बारिश की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार और बुधवार के लिए आसमान में गरज-चमक और बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया था।
मंगलवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे से दोपहर ढाई बजे के बीच सफदरजंग में 1.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि लोधी रोड पर भी 1.8 मिमी बारिश हुई। आयानगर में 1.6 मिमी, पालम में 1.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। पीतमपुरा, पूसा, मयूर विहार और जनकपुरी में 1.0 मिमी वर्षा हुई, जबकि रिज क्षेत्र में 0.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी के अनुसार, इससे पहले, सुबह आठ बजे से 11:30 बजे के बीच सफदरजंग और रिज में केवल नाममात्र की वर्षा हुई, जबकि पालम में इस अवधि के दौरान 0.1 मिमी बारिश दर्ज की गई।
सात अप्रैल को सुबह साढ़े आठ बजे बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों में सफदरजंग में 0.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पालम में 1.4 मिमी और लोधी रोड में 1.0 मिमी बारिश हुई। आयानगर में सबसे अधिक 3.0 मिमी वर्षा हुई, इसके बाद पूसा और मयूर विहार में 0.5 मिमी-0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। पीतमपुरा और जनकपुरी में वर्षा नहीं हुई, जबकि रिज में केवल नाममात्र की बारिश दर्ज की गई।
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक है।
भाषा राखी वैभव
वैभव

Facebook


