जम्मू, 10 मार्च (भाषा) जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने मंगलवार को तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार देर रात डाबोह के सामान्य क्षेत्र में एक संदिग्ध ड्रोन की गतिविधि का पता चला, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने अतिरिक्त बलों की तैनाती करते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू की।
यह सुनिश्चित करने के लिए इलाके की गहन तलाशी भी ली गई कि हवाई मार्ग से कोई हथियार या नशीले पदार्थ न भेजे गए हों और गिराए गए हों।
अधिकारियों ने कहा कि सेना, पुलिस और सीमा सुरक्षा बल द्वारा उस इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया जा रहा है जहां ड्रोन देखे जाने की सूचना मिली थी।
अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध ड्रोन की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने जिले के राजपुरा इलाके के भाई नाला, लाला चक और मलानी में भी तलाशी अभियान शुरू किया।
भाषा
प्रचेता मनीषा
मनीषा