सिक्किम के सांसद ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर संपर्क समेत कई मुद्दे उठाए
सिक्किम के सांसद ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर संपर्क समेत कई मुद्दे उठाए
गंगटोक, 18 जून (भाषा) सिक्किम के एकमात्र लोकसभा सदस्य इंद्र हंग सुब्बा ने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और राज्य के उत्तरी हिस्सों में सीमा संपर्क में सुधार की मांग की।
उन्होंने अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे और राज्य में राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़ी काफी समय से लंबित मांगों के समाधान पर भी जोर दिया।
सांसद के कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, सुब्बा ने कर्तव्य भवन में सिंह से मुलाकात की और उत्तर सिक्किम की संपर्क संबंधी चुनौतियों, विशेषकर रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीमा क्षेत्रों तक जाने वाले मार्गों से जुड़ी समस्याओं को उठाया।
उन्होंने बताया कि दुर्गम भूभाग, प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों और बार-बार होने वाली बाधाओं के कारण सड़क अवसंरचना का रखरखाव कठिन हो जाता है।
उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास, दोनों के लिए भरोसेमंद संपर्क व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया।
सुब्बा ने केंद्र सरकार से सिक्किम के 12 समुदायों को अनुसूचित जनजाति सूची में शामिल करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया और इसे सामाजिक न्याय तथा समान अवसरों से जुड़ी लंबे समय से लंबित मांग बताया।
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश

Facebook


