मालवीय नगर के होटल मालिक की एक और इमारत में भी स्थिति चिंताजनक

Ads

मालवीय नगर के होटल मालिक की एक और इमारत में भी स्थिति चिंताजनक

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 05:07 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 05:07 PM IST

(भास्कर मुखर्जी)

नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) मालवीय नगर में फ्लरिश स्टे बी एंड बी होटल के मालिक के स्वामित्व वाली बताई गई एक और संपत्ति में जाकर देखने को मिला कि तलघर बहुत छोटा है, जिसमें छोटे-छोटे कमरे, सकरे गलियारे और लकड़ी के बड़े पैनल की भरमार है।

यह व्यवस्था अग्नि सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है क्योंकि बुधवार सुबह फ्लरिश स्टे बी एंड बी में लगी आग में कई विदेशी नागरिकों समेत 21 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए।

इस दूसरी इमारत के बेसमेंट में एक सीढ़ी से पहुंचा जा सकता है, जिसके किनारे लगभग पूरी तरह लकड़ी के फिनिश वाले वॉल पैनल लगे हैं। फिर यह एक लंबे और पतले गलियारे में खुलता है जिसके दोनों ओर मेहमानों के रहने के लिए छोटे-छोटे कमरे हैं।

ऐसा लगता है कि यह रास्ता इनमें से कई कमरों में जाने का एकमात्र रास्ता है।

अंदर, हर कमरा बहुत भरा हुआ है। खाली जगह पर डबल बेड लगे हैं, जिससे हिलने-डुलने के लिए बहुत कम जगह बचती है। अलमारी, साइड कैबिनेट और उपकरणों को भी मानो ठूंसा गया हो, जिससे जगह और भी छोटी लगती है।

तलघर में हालात इतने खराब हैं कि कई कमरों में खिड़कियां या हवा की आवाजाही के लिए कोई स्थान नहीं है। कुछ कमरों की छतें नीची होने, हवा का आवागमन कम होने के साथ ही आग लगने पर धुआं जमा होने से ये हालात खतरनाक हो सकते हैं।

बेसमेंट में एक रसोई भी है। पास में एलपीजी गैस कनेक्शन और बिजली के उपकरण हैं।

कमरों को जोड़ने वाला पतला गलियारा शुरू से आखिर तक लकड़ी के पैनल से बना है।

ये सारा विवरण बुधवार को मालवीय नगर के एक होटल में लगी जानलेवा आग की जांच की पृष्ठभूमि में दिया जा रहा है।

बुधवार की घटना में अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या अग्नि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन, बिना इजाजत के निर्माण और अंदर किए गए बदलावों की वजह से हादसा इतना बड़ा हुआ।

भाषा वैभव नरेश

नरेश