नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) दिल्ली के उत्तर में पहाड़ों में हुई ताजा बर्फबारी और बारिश ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में तापमान में कुछ हद तक गिरावट ला दी जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली।
इस महीने की शुरुआत में यहां रिकॉर्ड तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
शिमला में बारिश से अचानक बढ़ी ठंड से हैरत में पड़े पर्यटकों की भीड़ दिखाई दे रही थी। शॉल और गर्म कपड़े पहने लोग मॉल रोड पर घूम रहे थे, जबकि हल्की-हल्की बारिश हो रही थी।
एक पर्यटक ने ‘पीटीआई- वीडियो’ से कहा, ‘‘जब हमने इंटरनेट पर देखा, तो पता चला कि बारिश हो सकती है। और बारिश हुई भी। पूर्वानुमान सच साबित हुआ। हमने उसी के अनुसार तैयारी कर रखी थी और गर्म कपड़े रख लिए थे। इसलिए सब ठीक है, हम मौसम का आनंद ले रहे हैं।’’
एक अन्य महिला पर्यटक ने कहा, ‘‘हम मौसम का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। हमें इतनी बारिश की उम्मीद नहीं थी, इसीलिए मैंने गर्मियों में पहनने वाले कपड़े पहने हैं।’’
इस बीच, दिल्ली में हल्की बारिश और बूंदाबांदी के बीच मौसम सुहावना रहा।
दिल्ली के कुछ हिस्सों में 12.5 मिलीमीटर तक बारिश हुई, जिससे न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘बृहस्पतिवार से मध्य पाकिस्तान समेत पंजाब और हरियाणा के आसपास के हिस्सों में इसके और तीव्र होने की संभावना है, जिससे अगले दो दिनों में और अधिक बारिश होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा स्थिति बताती हैं कि 20 मार्च को मौसम की स्थिति के अधिक गंभीर होने की संभावना है।’’
दिल्ली में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि महीने के अधिकतर समय तापमान 30 डिग्री से अधिक बना रहा।
जम्मू कश्मीर में गुलमर्ग और सोनमर्ग के पर्यटक स्थलों पर ताजा बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई।
अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग रिसॉर्ट में पिछले दिन से लगभग पांच . छह इंच बर्फ जमा हो गई थी।
केंद्र शासित प्रदेश के अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हुई, जिनमें शोपियां जिले में मुगल रोड के किनारे पीर की गली के साथ ही बांदीपोरा में गुरेज, राजदान टॉप और कुपवाड़ा में साधना टॉप शामिल हैं।
घाटी के अधिकतर ऊपरी क्षेत्रों में रविवार से ही रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है।
हिमाचल प्रदेश के मनाली और उसके आसपास के इलाकों में बर्फबारी के कारण पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई।
मनाली के पर्यटन और संबद्ध उद्योगों से जुड़े लोगों ने होटल में ठहरने वालों की संख्या में वृद्धि का स्वागत किया।
भाषा यासिर नरेश
नरेश