कोलकाता, 24 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन ने सोमवार को कहा कि यादवपुर विश्वविद्यालय परिसर में लोकतांत्रिक माहौल होना चाहिए और हिंसा को बढ़ावा देने वाले नारों को हटा दिया जाना चाहिए।
परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और वामपंथी छात्र संगठनों के बीच हुई झड़पों के बारे में पूछे जाने पर बर्मन ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को संस्थान की दीवारों पर देश-विरोधी नारे लिखने वाले लोगों की पहचान करनी चाहिए।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कोई किसी पर गोली नहीं चलाना चाहता। विश्वविद्यालय प्रशासन को ज़िम्मेदार लोगों की पहचान करनी चाहिए और यह देखना चाहिए कि हिंसा समाधान नहीं है।’’
मंत्री कहा, ‘‘क्या विश्वविद्यालय प्रशासन बता सकता है कि परिसर की दीवारों पर ‘फासीवादियों को गोली मारो’ जैसे नारे किसने लिखे? हम किसी को गोली नहीं मारना चाहते। हम बस इतना चाहते हैं कि जो लोग देश-विरोधी हैं, वे देश का सम्मान और आदर करना सीखें। यह उनके और देश, दोनों के लिए अच्छा होगा।’’
बर्मन ने कहा कि विश्वविद्यालय में लोकतांत्रिक माहौल बहाल करना समय की ज़रूरत है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब कुछ नया शुरू होता है, तो बहुत सी चीज़ें उलट-पुलट हो जाती हैं। अगर परिसर में लोकतांत्रिक माहौल बहाल करना है, तो कुछ घटनाएं हो सकती हैं।’’
भाषा नेत्रपाल मनीषा
मनीषा