इस साल हिंदुस्तान के इतिहास का सबसे शानदार हज रहा, नई हज नीति की जल्द घोषणा करेंगे: रीजीजू
इस साल हिंदुस्तान के इतिहास का सबसे शानदार हज रहा, नई हज नीति की जल्द घोषणा करेंगे: रीजीजू
नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को कहा कि हाल ही में संपन्न हुआ वर्ष 2026 का हज हिंदुस्तान के इतिहास में सबसे शानदार हज था जिसके लिए बड़ी संख्या में हाजियों ने सरकार का धन्यवाद किया है।
उन्होंने 2027 के हज के लिए बुलाई गई समीक्षा बैठक के बाद यह भी बताया कि नई हज नीति की घोषणा अगले कुछ दिनों में की जाएगी।
रीजीजू ने यह भी कहा कि हज की पूरी प्रक्रिया को एआई ऐप्लीकेशन से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस साल का हज हिंदुस्तान के इतिहास का सबसे शानदार हज था। हजारों की संख्या में हाजियों ने सरकार का शुक्रिया अदा किया है…इस शानदार हज के कारण भारत को दो पुरस्कार मिले हैं।’’
उनका कहना था, ‘‘1.75 लाख हाजियों का फीडबैक अच्छा रहा…सब काम समय पर हुआ। पहली बार ‘शॉर्ट ड्यूरेशन हज’ की शुरुआत की गई और इसके लिए 10 हजार का कोटा रखा था। कई लोग मुझसे मिले और हजारों की संख्या में संदेश भी आए हैं कि हज 2026 का शानदार तरीके से प्रबंधन किया गया। हाजियों ने भारत सरकार को धन्यवाद किया।’’
उल्लेखनीय है कि हज की पारंपरिक अवधि 40-45 दिन होती है, लेकिन कामकाजी पेशेवरों और बुजुर्गों की सुविधा के लिए भारत सरकार ने ‘अल्पकालिक हज’ की शुरुआत की है, जिसके तहत पूरी अवधि घटकर 15 से 20 दिन हो जाती है।
रीजीजू ने कहा, ‘‘वर्ष 2027 के हज की तैयारी हमने शुरू कर दी है। कुछ दिनों में नई हज नीति की घोषणा करेंगे।’’
उन्होंने हज की प्रक्रिया को एआई एप्लीकेशन से जोड़ने के प्रयास का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘हमारे मंत्रालय ने बहुत बड़ा बदलाव किया है। हम एआई एप्लीकेशन की शुरुआत कर रहे हैं। आवदेन को स्वीकार करने से लेकर पूरी प्रक्रिया को पूरा करने तक एआई का इस्तेमाल करेंगे।’’
भाषा हक हक नरेश
नरेश

Facebook


