दिल्ली में चलते ऑटो में व्यक्ति से लूटपाट करने के मामले में तीन गिरफ्तार

Ads

दिल्ली में चलते ऑटो में व्यक्ति से लूटपाट करने के मामले में तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 09:15 PM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 09:15 PM IST

नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) पूर्वोत्तर दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में एक व्यक्ति से लूटपाट करने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया।

पुलिस के अनुसार, घटना 17 अगस्त को उस समय हुई जब पीड़ित राशिद खजूरी चौक से मजनू का टीला जाने के लिए ऑटो-रिक्शा में सवार हुआ।

पुलिस ने बताया कि घटना के समय तीन लोग पहले से ही वाहन में सवार थे।

उसने बताया कि तीनों ने सिग्नेचर पुल के पास कथित तौर पर स्क्रूड्राइवर से राशिद पर हमला कर उसके करीब 17,000 रुपये लूट लिये और चलते ऑटो से उसे बाहर धक्का दे दिया।

पुलिस के अनुसार, इस संबंध में न्यू उस्मानपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की एक टीम ने घटना वाले दिन ऑटो-रिक्शा द्वारा इस्तेमाल किए गए संभावित मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण करने के साथ तकनीकी निगरानी और क्षेत्र में पूछताछ की, जिसके बाद तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

उसने बताया कि आरोपियों की पहचान रोहित (34), सूरज कुमार (29) और साहिल उर्फ हर्ष (22) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि रोहित और सूरज पहले भी लूटपाट, झपटमारी और शस्त्र अधिनियम से जुड़े तीन-तीन मामलों में शामिल रहे हैं।

मामले की जांच जारी है।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश