भगवान कृष्ण को मांसाहारी व्यंजन के साथ दर्शाने वाले विशु पोस्टर के मामले में तीन व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

भगवान कृष्ण को मांसाहारी व्यंजन के साथ दर्शाने वाले विशु पोस्टर के मामले में तीन व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 09:24 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 09:24 PM IST

मलप्पुरम (केरल), 19 अप्रैल (भाषा) वलंबूर के एक रेस्तरां के लिए विशु पर प्रचार पोस्टर के संबंध में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें भगवान कृष्ण को ‘कुझी मंडी’ (एक अरबी मांसाहारी व्यंजन) के साथ दर्शाया गया है। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी।

पुलिस के अनुसार, यह मामला शनिवार को सामने आया, जिसके बाद यमामा शवाया रेस्तरां के मालिकों और उसके सोशल मीडिया हैंडलर के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि बाद में उन्हें मनकाडा पुलिस थाने बुलाया गया, जहां उनकी गिरफ्तारी दर्ज की गई और फिर उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान रेस्तरां मालिक मुस्तफा कुंदुवैइल और शाहुल हमीद तथा रेस्तरां के सोशल मीडिया अकाउंट संचालक मुहम्मद शाहिन के रूप में की है।

पुलिस ने बताया कि विशु के लिए शुभकामना देने के लिए 14 अप्रैल को साझा की गई विवादित पोस्ट में भगवान श्री कृष्ण को ‘कुझी मंडी’ के साथ दिखाया गया था और रेस्तरां के सोशल मीडिया पेज पर कैप्शन दिया गया था, ‘‘स्वाद की समृद्धि परोसते हुए।’’

अधिकारियों ने बताया कि कई लोगों द्वारा आपत्ति जताए जाने के बाद, पोस्ट को 17 अप्रैल को हटा दिया गया था।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 192 के तहत स्वतः संज्ञाल लेकर एक मामला दर्ज किया।

हाल ही में अलाप्पुझा के चेरथला में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां रेस्तरां मालिक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

भाषा अमित रंजन

रंजन