सीबीएसई की फर्जी मान्यता दिखाकर छात्रों से धोखाधड़ी के मामले में स्कूल की प्रिंसिपल गिरफ्तार

Ads

सीबीएसई की फर्जी मान्यता दिखाकर छात्रों से धोखाधड़ी के मामले में स्कूल की प्रिंसिपल गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 10:22 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 10:22 PM IST

गुरुग्राम, 19 अप्रैल (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने 10वीं कक्षा तक की फर्जी सीबीएसई मान्यता दिखाकर छात्रों को धोखा देने के आरोप में एक निजी स्कूल के चेयरमैन की गिरफ्तारी के एक महीने से अधिक समय बाद अब इस मामले में स्कूल की प्रिंसिपल को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 10वीं कक्षा की एक छात्रा के माता-पिता द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद की गई। शिकायत में सेक्टर 9बी में स्थित एडुक्रस्ट इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल, निदेशकों और अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए थे, क्योंकि छात्रा को बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड नहीं दिया गया।

पुलिस ने बताया कि बसई गांव की रहने वाली प्रिंसिपल रिद्धिमा कटारिया प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गुजरात भाग गई थीं, जहां से अब उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

मामला 17 फरवरी को सामने आया था, जब दसवीं कक्षा के 11 छात्र एडमिट कार्ड नहीं मिलने के कारण सीबीएसई की गणित की परीक्षा नहीं दे सके। इसके बाद 18 फरवरी को स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

शिकायत में छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने नियमित फीस लेने के बावजूद एडमिट कार्ड जारी नहीं किया, जिससे उनकी बेटी के साथ धोखाधड़ी हुई।

उन्होंने कहा कि दाखिले के समय स्कूल ने खुद को सीबीएसई से मान्यता प्राप्त बताया और एक प्रमाणपत्र व रजिस्ट्रेशन नंबर भी दिखाया, जो बाद में गलत निकला। शिकायत में कहा गया है कि इस गलती के कारण उनकी बेटी का एक साल बर्बाद हो गया और उसका भविष्य भी खतरे में पड़ गया।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश