केंद्रपाड़ा (ओडिशा), तीन सितंबर (भाषा) ओडिशा के भीतरकनिका राष्ट्रीय उद्यान में मानसून के दौरान आने वाले 10 से अधिक प्रजातियों के पक्षियों की तीन दिवसीय गणना बृहस्पतिवार से शुरू हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह गणना पांच सितंबर तक चलेगी। इसके लिए प्रशिक्षित वन्यजीव कर्मियों, पक्षी विशेषज्ञों और स्थानीय स्वयंसेवकों की चार टीम बनाई गई हैं। ये टीम राष्ट्रीय उद्यान के अंदर और बाहर पक्षियों के प्रमुख जमावड़े वाले स्थानों का सर्वेक्षण करेंगी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय उद्यान के मुख्य क्षेत्र के अलावा मठाडीहा, लक्ष्मीप्रसादडीहा और दुर्गाप्रसादडीहा के आसपास स्थित बाहरी आर्द्रभूमि क्षेत्रों को भी इस गणना में शामिल किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष असमान बारिश के कारण मानसूनी पक्षियों के आगमन में देरी हुई है। हालांकि, राष्ट्रीय उद्यान के मैंग्रोव क्षेत्रों और आर्द्रभूमियों में बड़ी संख्या में पक्षियों का जमावड़ा पहले ही देखा जा चुका है।
हर साल 10 से अधिक प्रजातियों के स्थानीय पक्षी घोंसले बनाने और प्रजनन के लिए राष्ट्रीय उद्यान तथा इसके आसपास स्थित हेरोनरी (बगुलों आदि के सामूहिक घोंसले बनाने वाले क्षेत्र) में बड़ी संख्या में एकत्र होते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इस वार्षिक गणना से इन प्रजातियों की जनसंख्या का आकलन करने में मदद मिलेगी। साथ ही, भीतरकनिका क्षेत्र में उनके जमावड़े, घोंसले बनाने और प्रजनन की प्रवृत्ति पर भी नजर रखी जा सकेगी।
भाषा गोला वैभव
वैभव