कानपुर में खड़े ट्रक से टकराई स्कॉर्पियो, दो बच्चों समेत तीन की मौत; नौ घायल

कानपुर में खड़े ट्रक से टकराई स्कॉर्पियो, दो बच्चों समेत तीन की मौत; नौ घायल

कानपुर में खड़े ट्रक से टकराई स्कॉर्पियो, दो बच्चों समेत तीन की मौत; नौ घायल
Modified Date: July 13, 2026 / 11:46 am IST
Published Date: July 13, 2026 11:46 am IST

कानपुर (उप्र), 13 जुलाई (भाषा) कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में रूमा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के खड़े ट्रक से टकराने से दो बच्चों समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि परिवार हरियाणा के सिरसा से बिहार जा रहा था। हादसा सुबह करीब पांच बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो चालक दूसरे वाहन से आगे निकलने की कोशिश में नियंत्रण खो बैठा और वाहन खड़े ट्रक से जा टकराया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। राहगीरों की सूचना पर महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बचाव दल ने गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को काटकर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि घायलों को पहले कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए लाला लाजपत राय (एलएलआर) अस्पताल रेफर किया गया। मृतकों में 10 वर्षीय लड़का, 14 वर्षीय लड़की और 45 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। उनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक सर्विस लेन पर खड़ा था और दुर्घटना के समय उसका चालक वाहन में मौजूद था। आरोप है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया, लेकिन पुलिस के प्रतिक्रिया वाहन (पीआरवी) ने उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस आयुक्त ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को हादसे के कारणों की विस्तृत जांच करने, घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

भाषा सं. जफर

मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में