फतेहपुर में तेज रफ्तार कार ने तीन मोटरसाइकिलों को मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत, चार घायल

Ads

फतेहपुर में तेज रफ्तार कार ने तीन मोटरसाइकिलों को मारी टक्कर, तीन लोगों की मौत, चार घायल

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 09:54 AM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 09:54 AM IST

कानपुर (उप्र), 13 अप्रैल (भाषा) कानपुर के पड़ोसी जिले फतेहपुर के बिंदकी क्षेत्र में एक बेकाबू कार के तीन मोटरसाइकिलों को टक्कर मार देने की घटना में तीन लोगों की मृत्यु हो गई तथा चार अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गये।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि फतेहपुर के बिंदकी थाना क्षेत्र के कोरवा गांव के पास बांदा-कानपुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने तीन मोटरसाइकिलों को भीषण टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि इस घटना में एक मोटरसाइकिल पर सवार सत्यवान सोनी (26) और मनोज सोनी (18) तथा दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार अन्नू सोनकर (40) की मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि बेकाबू कार द्वारा एक अन्य मोटरसाइकिल को भी टक्कर मारे जाने से उस पर सवार सुरेंद्र कुमार (30), उसकी बहन ममता देवी (35) और उसके बच्चे पल्लवी (8) एवं अर्पित (10) गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से उनमें से दो लोगों को गंभीर हालत के मद्देनजर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि यह हादसा एक पारिवारिक झगड़े से जुड़ा एक नाटकीय घटनाक्रम माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार चालक दीपक सोनी कथित तौर पर एक स्थानीय पुलिस चौकी पर झगड़े के बाद अपनी नाबालिग साली के साथ भाग रहा था और माना जा रहा है कि कुछ लोग मोटरसाइकिल से उसका पीछा कर रहे थे।

बिंदकी के थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार राव ने बताया, ‘शुरुआती जांच से पता चलता है कि कार चालक ने जानबूझकर पीछा कर रही मोटरसाइकिल को टक्कर मारी होगी। हालांकि मामले की जांच के बाद ही इस बारे में कुछ स्पष्ट रूप से कहा जा सकेगा।’

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

भाषा सं सलीम वैभव अमित

अमित