राजकोट (गुजरात), 15 फरवरी (भाषा) गुजरात के राजकोट जिले में रविवार तड़के एक कार ओवरब्रिज की दीवार से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दीवार से टकराकर दो हिस्सों में बंट गयी।
एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह लगभग 6.30 बजे जेतलसर जंक्शन रेलवे पुल पर हुई।
उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार कार जूनागढ़ से जेतपुर की ओर जा रही थी तभी वह सड़क की दीवार से टकरा गई, जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान मुस्कान बागदा (19), अरुण वाला (20) और जयदीप चौहान (20) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि घायल यात्री अमीश परमार (19) की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका जूनागढ़ में उपचार किया जा रहा है।
पुलिस उपाधीक्षक रोहित डोडिया ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार दो हिस्सों में बंट गई और दोनों हिस्से सड़क के विपरीत छोर पर जा गिरे।
उन्होंने बताया कि जेतपुर तालुक पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एक क्रेन की सहायता से मलबा हटवाया।
भाषा गोला
देवेंद्र