नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) दिल्ली के अलीपुर इलाके में एक ट्रक ने एक ऑटो रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी जिससे तिपहिया वाहन में सवार नौ साल बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि ट्रक के प्रभाव के कारण ऑटो आगे खड़े वाहन से जा टकराई ।
पुलिस के अनुसार, अलीपुर थाने में सुबह सात बजकर 32 मिनट पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिली जिसके बाद एक टीम शिव मंदिर के पास घटनास्थल पर पहुंची। दुर्घटना के समय ऑटो रिक्शा में कुल सात लोग सवार थे।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस को एक क्षतिग्रस्त ऑटो रिक्शा और आसपास कई घायल यात्री मिले।
पुलिस ने बताया कि पीड़ितों की पहचान टिकरी गांव निवासी मुकेश, उसकी पत्नी पिंकी, उनके छह वर्षीय बेटे और नौ वर्षीय बेटी, बिहार के चंपारण निवासी छोटू पंडित (28) व करावल नगर निवासी ऑटो रिक्शा चालक राजू शर्मा (52) के तौर पर हुई है। एक यात्री की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने बताया कि ऑटो रिक्शा चालक राजू शर्मा, नौ वर्षीय बच्ची और अज्ञात यात्री सहित तीन लोगों को नरेला के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
बाकी बचे चार घायल व्यक्तियों की गंभीर हालत को देखते हुए बाद में लोक नायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मुकेश और उसका परिवार उत्तर प्रदेश में बलिया स्थित अपने पैतृक गांव से लौट रहा था और टिकरी गांव स्थित अपने घर जाने के लिए उन्होंने आईएसबीटी से ऑटो रिक्शा किया था। रास्ते में ऑटो चालक ने अन्य सवारियों को भी बिठा लिया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में सुबह 7.48 बजे सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद स्टेशन अधिकारी की देखरेख में बचाव दल को घटनास्थल पर भेजा गया।
डीएफएस के अनुसार, जब तक दमकल अधिकारी मौके पर पहुंचे, तब तक आम जनता और पीसीआर कर्मियों ने पांच घायल व्यक्तियों को पहले ही गाड़ी से निकाल लिया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ‘टक्कर से ऑटो-रिक्शा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जोरदार टक्कर के कारण चालक समेत दो लोग हैंडल और सीट के बीच फंस गए।’
पुलिस ने बताया कि दमकल अधिकारियों ने विशेष बचाव उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए ऑटो रिक्शा के मुड़े हुए धातु के ढांचे को काटकर उसमें फंसे दो पीड़ितों को बाहर निकाला।
दुर्घटनास्थल का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया और तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में सड़क पर बिखरे खून के धब्बे, सीएनजी ऑटो रिक्शा के क्षत-विक्षत अवशेष और दमकलकर्मी क्षतिग्रस्त वाहन को काटकर अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए संघर्ष करते हुए दिखाई दे रहे थे।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद फरार हुए ट्रक की पहचान करने के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया और कई टीमें गठित की गईं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक के नंबर के आधार पर, उसके मालिक और बाद में चालक की पहचान की गई।
पुलिस ने बताया कि ट्रक को पुलिस जब्त कर लिया और उसके चालक अनिल (23) को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह बिहार के मधुबनी का रहने वाला है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी चालक से गहन पूछताछ जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऑटो रिक्शा को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उसे टक्कर मार दी। टक्कर के कारण, ऑटो रिक्शा एक खड़ी गाड़ी से जा टकराया।
पुलिस ने अलीपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने बताया कि मृतक अज्ञात यात्री की पहचान पता करने की कोशिश की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव