झारखंड में सड़क दुर्घटनाओं में दो भाइयों समेत तीन लोगों की मौत

झारखंड में सड़क दुर्घटनाओं में दो भाइयों समेत तीन लोगों की मौत

झारखंड में सड़क दुर्घटनाओं में दो भाइयों समेत तीन लोगों की मौत
Modified Date: June 13, 2026 / 06:10 pm IST
Published Date: June 13, 2026 6:10 pm IST

लातेहार/गोड्डा, 13 जून (भाषा) झारखंड के लातेहार और गोड्डा जिलों में शनिवार को हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

लातेहार में सदर थाना क्षेत्र के खुटगढ़ी गांव के पास एक मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहन की आमने-सामने की भिड़ंत में दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।

सदर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मृतकों की पहचान चंदवा थाना क्षेत्र के मूर्तिया गांव निवासी बीरेंद्र लोहरा और सुरेंद्र लोहरा के रूप में हुई है। दोनों मोटरसाइकिल से लातेहार शहर जा रहे थे, जबकि कार विपरीत दिशा से आ रही थी। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण होने की आशंका है। मोटरसाइकिल सवारों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।’’

उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। चारपहिया वाहन घटनास्थल पर लावारिस अवस्था में मिला और उसके चालक की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

एक अन्य दुर्घटना में गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र स्थित बसुआ चौक के पास सुबह की सैर पर निकले 55 वर्षीय एक व्यक्ति को पीछे से आ रही एक पिकअप वैन ने कुचल दिया।

महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल ने बताया, ‘‘मृतक की पहचान उसी क्षेत्र की रविदास कॉलोनी के निवासी अर्जुन रविदास के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पिकअप वैन को जब्त कर लिया गया है और चालक की गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।’’

भाषा रवि कांत रवि कांत संतोष

संतोष


लेखक के बारे में