(फोटो के साथ)
कोलकाता, 17 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक खुले रेलवे समपार फाटक पर एक कार को ट्रेन ने टक्कर मार दी। इस घटना में दो स्कूली छात्र और एक साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गोबिंदापुर में दुर्घटना वाली जगह पर नाराज ग्रामीणों के विरोध-प्रदर्शन के बीच पुलिस ने ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में ‘गेटमैन’ को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, रेलवे के एक स्थायी पथ निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) शिवराम माझी ने बताया कि सुबह करीब सात बजे कर्ण सुबर्ण रेलवे स्टेशन के पास हुए हादसे में घायल पांच लोगों में कार का चालक भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 2.5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
माझी ने कहा, ‘‘छात्रों को स्कूल ले जा रही कार कर्ण सुबर्ण स्टेशन के पास समपार फाटक पर ट्रेन की पटरियां पार कर रही थी, तभी एक ट्रेन ने कार को टक्कर मार दी।’’
उन्होंने बताया कि पटरी पार कर रहे एक साइकिल सवार को भी निमतिता-कटवा पैसेंजर ट्रेन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घायलों को शुरू में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में उन्हें बर्द्धमान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया।
माझी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रेलवे अधिकारियों की 10-सदस्यीय टीम ने घटना के कारणों की जांच के लिए दुर्घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने यह भी कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एक स्थायी पथ निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
हादसे के बाद पूर्वी रेलवे के हावड़ा मंडल के अजीमगंज-कटवा खंड में ट्रेन सेवाएं कुछ देर के लिए प्रभावित हुईं। हालांकि कार के मलबे को हटाने के बाद ट्रेन सेवा सामान्य रूप से बहाल कर दी गई।
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने इस घटना में लोगों की मौत पर दुख जताया, वहीं बहरामपुर से पूर्व सांसद एवं कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने घटनास्थल का दौरा किया और ग्रामीणों से बात की।
बाद में चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि ‘गेटमैन’ ने समपार फाटक का गेट खुला छोड़ दिया था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘जब हम हाइड्रोजन ट्रेन चला रहे हैं, तो हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हादसों को रोकने के लिए बुनियादी ढांचा और आवश्यक सुरक्षा जांच की समुचित व्यवस्था भी हो।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद और सोनीपत को जोड़ने वाली भारत की पहली हाइड्रोजन-संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
भाषा सुरभि सुरेश
सुरेश