हिसार में कांवड़ियों पर गोलीबारी की खबर अफवाह, एयरगन के छर्रों से तीन लोग घायल: पुलिस
हिसार में कांवड़ियों पर गोलीबारी की खबर अफवाह, एयरगन के छर्रों से तीन लोग घायल: पुलिस
चंडीगढ़, छह अगस्त (भाषा) हरियाणा के हिसार में कांवड़ियों पर गोलीबारी की खबरों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को खारिज करते हुए कहा कि मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों के एयरगन चलाने के बाद उससे निकले छर्रे लगने से एक दंपति और उनकी नाबालिग बेटी घायल हुई है।
हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि बिहार के रहने वाले तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार थे। उन्होंने एयरगन चलाई, जिससे निकले छर्रे वहां से गुजर रहे तीन लोगों को लगे। उन्होंने कहा कि किसी को भी जानलेवा चोट नहीं आई है।
जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से फोन पर कहा, ‘‘यह घटना बुधवार शाम अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र में हुई। घायलों में कोई भी कांवड़िया नहीं है।’’
उन्होंने बताया कि घायल तीनों लोग हिसार के निवासी हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत स्थिर है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है और आगे की जांच जारी है।’’
हिसार पुलिस ने कहा कि यह परिवार हमले का निशाना नहीं था। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद इलाके में कांवड़ियों पर हमले की जो अफवाह फैली थी, वह पूरी तरह गलत निकली।
भाषा मनीषा रंजन
रंजन

Facebook


