अन्नाद्रमुक के तीन बागी विधायकों ने इस्तीफे सौंपे, पांच विधायक पलानीस्वामी गुट में लौटे

Ads

अन्नाद्रमुक के तीन बागी विधायकों ने इस्तीफे सौंपे, पांच विधायक पलानीस्वामी गुट में लौटे

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 04:53 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 04:53 PM IST

चेन्नई, 25 मई (भाषा) वरिष्ठ नेताओं सी.वी. षणमुगम और एस.पी. वेलुमणि के नेतृत्व वाले अन्नाद्रमुक के बागी गुट से जुड़े तीन विधायकों ने सोमवार को तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष जे.सी.डी प्रभाकर से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। वहीं पांच अन्य विधायक पार्टी प्रमुख ई.के. पलानीस्वामी के गुट में वापस चले गए हैं।

इन तीन विधायकों मदुरंथकम से निर्वाचित एम. कुमारवेल, धारापुरम से सत्यभामा और पेरुंदुरई विधानसभा क्षेत्र से चुने गए जयकुमार ने अन्नाद्रमुक के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उन्होंने सचिवालय में प्रभाकर से मुलाकात कर अपने इस्तीफे सौंपे। धारापुरम (तिरुप्पुर) और पेरुंदुरई (इरोड) पश्चिमी तमिलनाडु के कोंगु क्षेत्र में आते हैं और अन्नाद्रमुक के पारंपरिक गढ़ रहे हैं। मदुरंथकम चेन्नई के निकट स्थित है।

इसके तुरंत बाद, उन्होंने टीवीके के मंत्री आधव अर्जुन से उनके कक्ष में मुलाकात की। माना जा रहा है कि वह मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) में शामिल हो सकते हैं।

ये तीनों उन 25 विधायकों में शामिल थे, जिन्होंने पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करते हुए मुख्यमंत्री विजय के विश्वास मत हासिल करने के दौरान टीवीके सरकार के समर्थन में मतदान किया था।

इस बीच, षणमुगम-वेलुमणि गुट में शामिल अन्नाद्रमुक के पांच विधायक फिर से पार्टी प्रमुख ई.के. पलानीस्वामी के खेमे में लौट गए। इसके साथ ही विधानसभा में पलानीस्वामी समर्थक विधायकों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है।

वेलुमणि गुट छोड़ने वाले विधायकों में एस.एम. सुकुमार (आर्कोट) भी शामिल हैं।

तीन विधायकों के इस्तीफे और पांच विधायकों के पलानीस्वामी खेमे में लौटने के बाद, बागी गुट में शामिल विधानसभा सदस्यों की संख्या अब 25 से घटकर 17 रह गई है।

भाषा जोहेब मनीषा

मनीषा