कोलकाता में तीन मंजिला पुरानी इमारत का हिस्सा ढहा, महिला की मौत
कोलकाता में तीन मंजिला पुरानी इमारत का हिस्सा ढहा, महिला की मौत
कोलकाता, 18 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के मालापाड़ा इलाके में मंगलवार सुबह तीन मंजिला पुरानी इमारत का एक हिस्सा ढहने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह करीब पांच बजे हुई। इसके बाद पुलिस और आपदा प्रबंधन कर्मी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
उन्होंने कहा, ‘‘पुरानी इमारत का एक हिस्सा आज सुबह ढह गया। मलबे में फंसी एक महिला को निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मलबे में फंसे अन्य सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतका की पहचान उर्मिला साहू के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह इमारत करीब 200 साल पुरानी थी।
पुलिस को आशंका है कि सोमवार को कोलकाता में हुई भारी बारिश के कारण इमारत की संरचना कमजोर हुई होगी। अधिकारी ने हालांकि कहा कि इमारत गिरने के वास्तविक कारण का पता लगाया जा रहा है।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश

Facebook


