चंडीगढ़ में आंदोलनकारी किसान नेताओं से तीन केंद्रीय मंत्रियों ने बातचीत शुरू की

Ads

चंडीगढ़ में आंदोलनकारी किसान नेताओं से तीन केंद्रीय मंत्रियों ने बातचीत शुरू की

  •  
  • Publish Date - February 15, 2024 / 09:24 PM IST,
    Updated On - February 15, 2024 / 09:24 PM IST

चंडीगढ़, 15 फरवरी (भाषा) पंजाब और हरियाणा की दो सीमा चौकियों के रास्ते दिल्ली कूच करने को लेकर किसानों और पुलिस के बीच जारी गतिरोध के बीच तीन केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं की बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में तीसरे दौर की बातचीत शुरू हो गई है।

बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी हिस्सा ले रहे हैं।

कृषि और किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी सहित किसान संघों की विभिन्न मांगों पर जारी बातचीत में केंद्र सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

बैठक चंडीगढ़ सेक्टर 26 स्थित महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान में हो रही है।

यह दोनों पक्षों की ओर से तीसरे दौर की वार्ता है। इससे पहले दो दौर की वार्ता क्रमश: आठ और 12 फरवरी को हुई थी जो बेनतीजा रही थी।

बैठक में किसानों का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं में संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के जगजीत सिंह डल्लेवाल और किसान मजदूर संघर्ष समिति के महासचिव सरवन सिंह पंधेर शामिल हैं।

इन दोनों संगठनों ने ही अपनी मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के वास्ते ‘दिल्ली चलो’ का आह्वान किया है।

पंजाब के किसानों ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी की ओर मार्च शुरू किया, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हरियाणा के साथ शंभू और खनौरी सीमा बिंदुओं पर रोक दिया।

किसान नेताओं ने कहा था कि वे मंत्रियों के साथ बैठक होने तक दिल्ली की ओर बढ़ने का कोई नया प्रयास नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका अगला कदम केंद्र के प्रस्तावों पर आधारित होगा।

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल