लखीमपुर खीरी (उप्र), चार सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में बृहस्पतिवार को जिस तीन साल की बच्ची का शव गन्ने के खेत में पाया गया था, उसकी बलात्कार के बाद हत्या की गई थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जिले में तीन हफ्ते में इस प्रकार का यह तीसरा मामला सामने आया है ।
पुलिस ने बताया कि तीन साल की बच्ची का क्षत विक्षत शव जिले के सिंहाई इलाके में गांव में उसके घर के पास के एक गन्ने के खेत से बरामद हुआ। उसके सिर पर चोट के निशान पाये गये हैं। बच्ची बुधवार से लापता थी ।
पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने शुक्रवार को पीटीआई-भाषा को फोन पर बताया कि ”पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बलात्कार की पुष्टि हुई है ।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस समय परिवार के साथ हूं। इस मामले पर पुलिस की सात टीमें काम कर रही हैं। मैं स्वंय गन्ने के खेतों में तलाशी अभियान के लिये जा रहा हूं। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेंगी ।”
सिंह ने कहा कि आरोपी के खिलाफ रासुका (एनएसए) के तहत कार्रवाई की जा सकती है ।
बच्ची के पिता ने आरोप लगाया था कि गांव के ही लेखराम ने पुरानी दुश्मनी के कारण बेटी की हत्या की है। उन्होंने पुलिस को दी गयी शिकायत में आरोप लगाया हे कि आरोपी ने दुश्मनी के कारण उसकी बेटी का पहले अपहरण किया बाद में मार दिया ।
लखीमपुर जिला हाल में सुर्खियों में है। कुछ दिन पहले 17 साल की एक लड.की का शव उसके गांव के बाहर मिला था । वह छात्रवृत्ति का फार्म भरने गयी थी तभी उसकी बलात्कार के बाद हत्या कर दी गयी थी ।
नीमगांव पुलिस थाने के अन्तर्गत उसके गांव के बाहर एक खाली तालाब में लड़की का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ था ।
इससे पहले जिले में एक 13 साल की लड़की के साथ बलात्कार के बाद उसकी हत्या कर दी गयी थी । पुलिस के मुताबिक लड़की दोपहर बाद अपने घर से खेत को गयी थी। शाम तक जब वह नहीं लौटी तो परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। गन्ने के एक खेत में उसका शव बरामद हुआ।
दोनों घटनायें पिछले महीने की हैं। इसके बाद विपक्षी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी प्रदेश की योगी सरकार पर हमलावर हो गईं और इन दोनो दलों ने कानून व्यवस्था का मुददा उठाया था ।
भाषा जफर पवनेश शाहिद
शाहिद