पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में चार मई तक गरज-तूफान के साथ बारिश की संभावना

Ads

पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में चार मई तक गरज-तूफान के साथ बारिश की संभावना

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 07:08 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 07:08 PM IST

कोलकाता, 30 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल में तीन मई तक उप-हिमालयी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने तथा राज्य के अन्य हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, हवा के अनुकूल रुख और बंगाल की खाड़ी से नमी के प्रवाह के कारण पश्चिम बंगाल के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

बुलेटिन के अनुसार, तीन मई तक उप-हिमालयी जिलों, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी से बहुत भारी बारिश और कलिम्पोंग में भारी बारिश हो सकती है।

साथ ही, इस अवधि के दौरान पश्चिम बंगाल के उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुरा, पुरुलिया, हुगली और नदिया में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

आईएमडी के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में हावड़ा जिले के अमता में सबसे अधिक 97 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

वहीं, अन्य प्रमुख स्थानों पर जहां अच्छी बारिश हुई उनमें साल्ट लेक (63 मिमी), कोलकाता (54 मिमी), दमदम (54 मिमी), मयनागुड़ी (67 मिमी), माथाभांगा (61 मिमी), अलीपुरद्वार (57 मिमी) और हासीमारा (56 मिमी) शामिल हैं।

विभाग ने बताया कि कोलकाता में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से लगभग छह डिग्री कम है।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश