प्रधानमंत्री मोदी के आर्ट आफ लिविंग आश्रम जाने के मार्ग के पास से टाइमर और सर्किट बोर्ड मिला

Ads

प्रधानमंत्री मोदी के आर्ट आफ लिविंग आश्रम जाने के मार्ग के पास से टाइमर और सर्किट बोर्ड मिला

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 09:49 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 09:49 PM IST

बेंगलुरु, 12 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिस मार्ग से बेंगलुरु के बाहरी इलाके में स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम जाने वाले थे उसके पास से जिलेटिन मिलने की जांच कर रही पुलिस टीम को एक सर्किट और एक टाइमर भी मिला है। यह जानकारी पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को दी।

राज्य के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने भी संकेत दिया कि ‘इसी तरह की सामग्री’ मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की भी इस जांच में शामिल होने में रुचि है।

रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम स्थल के पास सड़क किनारे से जिलेटिन की दो छड़ बरामद की गईं, जिसके बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस ने यह पता लगाने के लिए शुरू की कि वह कहां से आयी और क्या उसकी मौजूदगी के पीछे क्या कोई बड़ी साजिश थी।

सूत्रों के मुताबिक, ‘विस्फोटक सामग्री’ एक गत्ते के डिब्बे में मिली, जिसमें एक टाइमर और एक सर्किट भी था। सूत्रों ने यह भी संदेह जताया कि इसे वहां रखने की कोशिश करने वाले व्यक्ति इसे जोड़ नहीं पाए।

पुलिस को सबसे पहले रविवार सुबह करीब सात बजे एक फोन आया, जिसमें फोन करने वाले ने बताया कि उसने बम लगाया है। कॉल के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शहर के कोरमंगला से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। कुछ घंटे बाद, पुलिस टीम को जिलेटिन का डिब्बा राजमार्ग से कुछ मीटर की दूरी पर मिला, जहां से मोदी की कार गुजरने वाली थी।

यहां पत्रकारों से बात करते हुए परमेश्वर ने कहा, ‘‘आश्रम में बम होने की सूचना पुलिस को देने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जांच जारी है। जांच पूरी होने और जानकारी मिलने के बाद जनता को सूचित किया जाएगा।’’

टाइमर और सर्किट बोर्ड के साथ मिली जिलेटिन छड़ के बारे में मंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने (पुलिस) मुझे बताया है कि इसी तरह की कुछ सामग्री मिली है।’’

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को बेंगलुरु में कग्गलीपुरा के पास कनकपुरा रोड स्थित आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन केंद्र में 45वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने आए थे।

पुलिस के एक बयान में कहा गया प्रधानमंत्री के आगमन से पहले, जांच के दौरान, मुख्य स्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर एक फुटपाथ के किनारे जिलेटिन की दो छड़ मिलीं। बयान में कहा गया कि आगे की जांच जारी है।

यह बरामदगी प्रधानमंत्री के दौरे के लिए सात स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई, जिसमें पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने लगभग एक सप्ताह पहले से ही मार्ग का निरीक्षण किया था।

भाषा

अमित माधव

माधव