टीएमसी ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा की अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की

Ads

टीएमसी ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा की अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 05:44 PM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 05:44 PM IST

कोलकाता, आठ मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के नेता सौगत राय ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा में पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या और तोड़फोड़ की घटनाओं की अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की।

‘पीटीआई वीडियो’ से बात करते हुए राय ने कहा कि पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता चुनाव परिणाम के बाद हुई हिंसा के शिकार हुए हैं।

पार्टी की हार के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि लोग टीएमसी से नाराज हो सकते हैं, लेकिन चुनाव ‘‘निष्पक्ष’’ नहीं था।

राय ने मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की हत्या की निंदा की और दावा किया कि पिछले तीन दिनों में टीएमसी के तीन अन्य कार्यकर्ताओं की भी हत्या कर दी गई है।

भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी रथ की बुधवार रात कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम इस मामले में अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच सहित कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं, ताकि दोषियों की पहचान की जा सके और उन्हें बिना देरी किए न्याय के कठघरे में लाया जा सके।’’

राय ने आरोप लगाया कि ये हमले ‘‘भाजपा समर्थित गुंडों’’ द्वारा किए गए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि चार मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से टीएमसी कार्यालयों में आगजनी, तोड़फोड़ और कार्यकर्ताओं पर हमलों से जुड़ी कई घटनाएं हुई हैं।

राय ने दावा किया कि राज्य भर में 2,000 से अधिक टीएमसी कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि टॉलीगंज, बरुईपुर, कमरहाटी, बारानगर और हावड़ा सहित कई क्षेत्रों में पार्टी कार्यालयों पर हमला किया गया, जबकि जगतबल्लभपुर और सिलीगुड़ी में कार्यालयों में आग लगा दी गई।

भाषा

शफीक दिलीप

दिलीप

ताजा खबर