सीबीआई के समक्ष पेश होंगे तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी, जनसम्पर्क अभियान अस्थायी तौर पर स्थगित

Ads

सीबीआई के समक्ष पेश होंगे तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी, जनसम्पर्क अभियान अस्थायी तौर पर स्थगित

  •  
  • Publish Date - May 19, 2023 / 05:38 PM IST,
    Updated On - May 19, 2023 / 05:38 PM IST

कोलकाता, 19 मार्च (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने स्कूल नौकरी घोटाले की अपनी जांच के तहत तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता अभिषेक बनर्जी को शनिवार को अपने कोलकाता कार्यालय में पेश होने के लिए तलब किया है।

वहीं अभिषेक बनर्जी ने जांच में शामिल होने के लिए अपना जनसंपर्क अभियान अस्थायी रूप से निलंबित करने का फैसला किया है।

टीएमसी पदाधिकारियों के अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को कोलकाता शहर लौटने और इन दिनों जारी अपने जनसंपर्क अभियान को अस्थायी रूप से एक या दो दिन के लिए स्थगित करने का फैसला किया है।

अभिषेक बनर्जी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं आज रात कोलकाता लौट रहा हूं, क्योंकि वहां एक घटनाक्रम हुआ है।’’

अधिकारियों ने बताया कि बनर्जी को एक पत्र भेजकर यहां निजाम पैलेस स्थित सीबीआई कार्यालय में जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है।

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में अदालत के पुराने आदेश को वापस लेने के अनुरोध वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव बनर्जी की याचिका बृहस्पतिवार को खारिज कर दी। अदालत ने अपने पुराने आदेश में कहा था कि सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी जांच एजेंसियां शिक्षक भर्ती घोटाले में उनसे पूछताछ कर सकती हैं।

टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी का नाम कुंतल घोष द्वारा दर्ज करायी गई एक शिकायत में सामने आया था, जिसने आरोप लगाया है कि केन्द्रीय एजेंसियां उन पर भर्ती घोटाले में अभिषेक बनर्जी का नाम लेने का दबाव बना रही हैं। घोष इस मामले में आरोपी हैं।

टीएमसी के एक नेता ने कहा, ‘‘अभिषेक बनर्जी पूर्वाह्न 11 बजे निजाम पैलेस में सीबीआई के कार्यालय में पेश होंगे। वह बांकुड़ा में एक कार्यक्रम करेंगे और फिर कोलकाता के लिए रवाना होंगे।’’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज शाम बांकुड़ा में दूसरी रैली को संबोधित करेंगी, जिसे पहले उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी संबोधित करने वाले थे।

अभिषेक ने बृहस्पतिवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय के फैसले के बाद संवाददाताओं से कहा था, ‘‘मेरे मन में न्यायपालिका और अदालत का पूरा सम्मान है। मुझे जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करने में कोई दिक्कत नहीं है। इससे पहले भी, जब भी केंद्रीय एजेंसियों ने मुझे बुलाया था, मैं पेश हुआ हूं और मैंने अपनी ओर से पूरा सहयोग दिया है।’’

भाषा अमित मनीषा

मनीषा

शीर्ष 5 समाचार