नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में मंगलवार दोपहर को यातायात की गति धीमी हो गई, क्योंकि भारत मंडपम में एक उच्च-स्तरीय शिखर सम्मेलन की रिहर्सल के लिए लगाए गए प्रतिबंधों के कारण लंबे समय तक जाम लगा रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मध्य, उत्तर और दक्षिण दिल्ली के कुछ हिस्सों में दोपहर में 12 से तीन बजे के बीच भारी भीड़भाड़ रही।
दिल्ली यातायात पुलिस ने 28 मई से एक जून तक भारत मंडपम में होने वाले ‘इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस समिट’ और ‘इंडिया-अफ्रीका फोरम समिट’ से पहले आयोजित रिहर्सल के संबंध में एक परामर्श जारी किया था।
यात्रियों ने कई स्थानों पर लंबे समय तक यातायात जाम की शिकायत करने के लिए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ का सहारा लिया।
एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने रिज रोड के पास ‘बम्पर-टू-बम्पर’ यातायात के दृश्य साझा करते हुए पोस्ट किया, ‘दिल्ली यातायात प्रबंधन में विश्वास नहीं करती। 19 मई को दोपहर 12.30 बजे की स्थिति – जाम में फंसा हुआ हूं।’
यात्री ने लिखा कि रिज रोड पर चौराहा हिंदू राव अस्पताल से बमुश्किल 20 मीटर की दूरी पर और मुख्यमंत्री एवं उपराज्यपाल के आवासों के नजदीक होने के बावजूद, ‘रोज यातायात अनुशासनहीनता देखने को मिलती है।’
इसी तरह की शिकायतें तिलक मार्ग, मथुरा रोड, एसपी मार्ग और कनॉट प्लेस जैसे इलाकों से भी सामने आईं, जहां वाहन चालकों ने कहा कि रास्ता बदले जाने (डायवर्जन) के कारण कई सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया।
यातायात पुलिस ने उत्तर और दक्षिण दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को राजघाट और सराय काले खां के रास्ते रिंग रोड का उपयोग करने की सलाह दी थी, जबकि पश्चिम और दक्षिण दिल्ली के बीच यात्रा करने वालों को धौला कुआं, मोती बाग और भीकाजी कामा प्लेस के माध्यम से रिंग रोड का उपयोग करने के लिए कहा था।
हालांकि, हवाई अड्डा जाने वाले यात्रियों को एनएच-8 और धौला कुआं होते हुए गुड़गांव रोड से आवाजाही की अनुमति दी गई थी।
भाषा राखी अविनाश
अविनाश