जम्मू, नौ अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में भूस्खलन के कारण पिछले दो दिन से अवरुद्ध सड़कों को साफ किए जाने के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बृहस्पतिवार को बहाल हो गया।
कश्मीर को देश के शेष भाग से जोड़ने वाला एकमात्र 270 किलोमीटर लंबा राजमार्ग, सोमवार तड़के कई भूस्खलनों के कारण अवरुद्ध हो गया था।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार सुबह कुछ घंटों के लिए राजमार्ग को संक्षिप्त रूप से फिर से खोल दिया गया था, लेकिन दो बड़े भूस्खलनों के कारण इसे फिर से बंद करना पड़ा।
रामबन जिले के शालगढ़ी, बनिहाल, डिगडोल, खूनी नाला, करोल ब्रिज और चंदरकोट क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात पुलिस ने 900 से अधिक वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी