नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली के कारण शनिवार को मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में यातायात प्रभावित रहेगा।
रैली को देखते हुए प्राधिकारियों ने प्रमुख मुख्य सड़कों पर मार्ग परिवर्तन और प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई है।
दिल्ली यातायात पुलिस द्वारा जारी परामर्श के अनुसार, सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक यातायात जाम की समस्या झेलनी पड़ सकती है और सुबह 10 बजे रैली में शामिल होने वाले लोगों की आवाजाही सबसे अधिक रहने का अनुमान है।
जवाहरलाल नेहरू मार्ग, आसफ अली रोड, चमन लाल मार्ग, अजमेरी गेट और मिंटो रोड समेत प्रमुख सड़कें प्रभावित होने की आशंका है।
परामर्श में कहा गया है कि यातायात की स्थिति के आधार पर इन रास्तों पर प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन की व्यवस्था लागू की जा सकती है।
इसमें कहा गया है कि दिल्ली गेट, मिंटो रोड, अजमेरी गेट, आसफ अली रोड और कमला मार्केट गोलचक्कर के आसपास के मार्गों पर भारी वाहनों को चलने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, आसफ अली रोड और चमन लाल मार्ग की दोनों लेन पर पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
परामर्श में कहा गया कि अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को हटाया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा नोमान खारी
खारी