(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पूर्वी कैलाश इलाके में मंगलवार को तेज बारिश के दौरान एक व्यस्त सड़क पर मर्सिडीज व एक अन्य चलती कार पर एक बड़ा पेड़ गिर पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे राजा धीर सिंह मार्ग पर अचानक एक पेड़ गिर गया जिससे एक मर्सिडीज कार समेत कुल दो कार उसकी चपेट में आ गईं जिससे इन वाहनों को नुकसान पहुंचा है।
अग्निशमन विभाग ने बताया कि उसे घटना की सूचना दोपहर 1:38 बजे मिली और उसने तुरंत एक दमकल वाहन को मौके पर भेजा।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सड़क पर चलती कार पर पेड़ गिरने के बाद तीन लोग उसमें फंस गए थे। उन सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी को चोट नहीं आई।’’
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि पेड़ दोपहर करीब 1:20 बजे गिरा, जब एक कार सड़क से गुजर रही थी और वहां खड़ी एक मर्सिडीज़ कार भी पेड़ की शाखा की चपेट में आ गई।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और सड़क को साफ करने और यातायात को सामान्य करने के लिए गिरे हुए पेड़ को काटकर हटाने का काम शुरू किया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारी ने कहा, ‘‘इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।’’ पेड़ गिरने की वजह से राजा धीर सिंह मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश