शुभेंदु के कालीघाट क्षेत्र के दौरे के दौरान तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं की नारेबाजी
शुभेंदु के कालीघाट क्षेत्र के दौरे के दौरान तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं की नारेबाजी
कोलकाता, 29 अप्रैल (भाषा) कोलकाता के कालीघाट इलाके में बुधवार को उस समय तनाव उत्पन्न हो गया जब भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी एक मतदान केंद्र पर पहुंचे और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका विरोध करते हुए नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया और विपक्षी नेता ने निर्वाचन आयोग को अतिरिक्त केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग करते हुए एक शिकायत दी।
सुरक्षा बलों को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
यह घटना कालीघाट स्थित जय हिंद भवन के पास तब हुई जब शुभेंदु अधिकारी मतदान व्यवस्था का निरीक्षण करने आए थे। शुभेंदु अधिकारी सुबह से भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे थे।
शुभेंदु अधिकारी जैसे ही इलाके में पहुंचे, तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके खिलाफ ‘जय बंगला’ और ‘चोर, चोर’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाकर जवाब दिया, जिससे राजनीतिक रूप से संवेदनशील इस इलाके में तनाव बढ़ गया।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि नारेबाजी तेज हो गई और दोनों दलों के समर्थक बूथ क्षेत्र के आसपास जमा हो गए।
पत्रकारों के सामने खड़े अधिकारी ने निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को फोन किया और स्थिति के बारे में शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उन पर हमला हुआ है और भाजपा कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है।
उन्होंने चुनाव अधिकारियों से कहा, “मुझ पर हमला हुआ है। मतदाताओं को स्वतंत्र रूप से मतदान करने की सुविधा के लिए तत्काल और केंद्रीय बल भेजे जाने चाहिए।”
उन्होंने विपक्षी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को डराने-धमकाने के प्रयासों का आरोप लगाते हुए इलाके में अतिरिक्त केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कर्मियों की तैनाती की भी मांग की।
भाजपा ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के सबसे चर्चित निर्वाचन क्षेत्रों में से एक भवानीपुर में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान को रोकने के लिए तृणमूल समर्थक जानबूझकर अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि स्थानीय लोग अधिकारी के खिलाफ स्वतःस्फूर्त आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भी चुनाव मैदान में होने के कारण, भवानीपुर के चक्रबेरिया, चेतला और मित्रा इंस्टीट्यूशन सहित कई बूथ क्षेत्रों में सुबह से ही शुभेंदु अधिकारी दौरा कर रहे हैं।
विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में दक्षिण बंगाल की 142 विधानसभा सीट पर मतदान जारी है जिसमें बनर्जी और अधिकारी के बीच सीधे मुकाबले के कारण भवानीपुर सबसे अधिक ध्यान आकर्षित करने वाले चुनावी क्षेत्रों में से एक बन गया है।
मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा जबकि मतगणना 4 मई को होगी।
भाषा अमित नरेश
नरेश

Facebook


