तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने भाजपा की ‘डबल इंजन’ वाली रणनीति पर साधा निशाना

Ads

तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने भाजपा की ‘डबल इंजन’ वाली रणनीति पर साधा निशाना

  •  
  • Publish Date - April 4, 2026 / 04:03 PM IST,
    Updated On - April 4, 2026 / 04:03 PM IST

कोलकाता, चार अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने भाजपा की ‘‘डबल इंजन’’ वाली रणनीति पर निशाना साधते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि जहां उसका एक इंजन लोकतांत्रिक संस्थानों का दुरुपयोग करके चलता है, तो वहीं दूसरा इंजन एआईएमआईएम, आईएसएफ और एजेयूपी जैसे ‘‘स्थानीय एजेंटों’’ की भर्ती करके ‘‘सांप्रदायिक तनाव’’ भड़काने का काम करता है।

बनर्जी ने कहा कि बंगाल जनता की, जनता द्वारा और जनता के लिए सरकार चुनेगा।

डायमंड हार्बर के सांसद ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया, ‘‘हर जगह ‘डबल इंजन’ की ही रट लगाना। आपको पता है भाजपा का असली ‘डबल इंजन’ क्या है? एक इंजन लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग करने, निर्वाचन आयोग का दुरुपयोग करके वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाने, राज्य तंत्र को अस्थिर करने के लिए ईमानदार अधिकारियों का तबादला करने और मतदाता सूचियों में हेराफेरी करने के लिए अवैध रूप से बाहरी लोगों को आयात करने पर चलता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दूसरा इंजन एआईएमआईएम, आईएसएफ और एजेयूपी जैसे स्थानीय एजेंटों की भर्ती पर चलता है, जिनके जरिये सांप्रदायिक तनाव भड़काया जाता है, अशांति पैदा की जाती है, वोटो का ध्रुवीकरण किया जाता है और इसका फायदा भाजपा को पहुंचाया जाता है। लेकिन बंगाल की जनता इस गंदे खेल को पूरी तरह से समझ चुकी है।’’

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बनर्जी ने कहा कि बंगाल पहले ही फैसला कर चुका है। उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल मां-माटी-मानुष की सरकार चुनेगा, जो जनता की, जनता द्वारा और जनता के लिए होगी।’’

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश