नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार पर ‘श्वेत पत्र’ जारी करने संबंधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वादे पर शनिवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार की जांच का सामना कर रहे 10 विपक्षी नेताओं में से नौ जो भाजपा में शामिल हुए, उन्हें ‘‘राहत मिल गई’’।
ओ ब्रायन ने पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के कटवा में एक चुनावी रैली में मोदी द्वारा किए गए दावों की ‘‘फैक्ट-चेक’’ जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा, ‘‘आज नरेन्द्र मोदी का एक और चुनावी भाषण। एक बार फिर, आइए उनके आठ दावों का पर्दाफाश करें और आठ सूत्री वास्तविकता की जांच प्रस्तुत करें।’’
प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी पर कि भाजपा भ्रष्टाचार पर ‘श्वेत पत्र’ लाएगी, उन्होंने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार मामलों में जांच का सामना कर रहे 10 में से 9 विपक्षी नेता जो भाजपा में शामिल हुए, उन्हें राहत मिली। प्रफुल्ल पटेल, हिमंत विश्व शर्मा, नारायण राणे, अजित पवार, अशोक चव्हाण। शुभेंदु अधिकारी को विपक्ष का नेता बनाया गया। भाजपा वॉशिंग मशीन।’’
पश्चिम बंगाल में शासन व्यवस्था को लेकर लगाए जा रहे आरोपों का खंडन करते हुए ओ’ब्रायन ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार ने ‘‘दो करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला’’, बेरोजगारी कम की और कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू कीं।
पश्चिम बंगाल में किसानों की आय बढ़ाने के संबंध में मोदी की टिप्पणियों पर, ओ’ब्रायन ने ‘पीएम-किसान’ योजना के तहत मिलने वाले लाभों के दावों का खंडन करते हुए कहा कि एक संसदीय समिति ने राशि बढ़ाने की सिफारिश की थी, जिसे लागू नहीं किया गया था।
उन्होंने इसकी तुलना राज्य की ‘कृषक बंधु’ योजना से करते हुए दावा किया कि यह योजना पश्चिम बंगाल के किसानों को अधिक सहायता प्रदान करती है।
महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर, ओ’ब्रायन ने राष्ट्रीय अपराध आंकड़ों का हवाला देते हुए और बिलकिस बानो मामले में दोषियों की माफी सहित विवादों का जिक्र करते हुए भाजपा की आलोचना की। उन्होंने दिल्ली में कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा, ‘‘देश में प्रतिदिन 81 महिलाओं से बलात्कार होता है। महिलाओं के खिलाफ अपराध की सबसे उच्च दर दिल्ली में है, जहां पुलिस गृह मंत्री अमित शाह के अधीन है। भाजपा ने चैंपियन महिला पहलवानों के साथ छेड़छाड़ करने वाले सांसद को संरक्षण दिया। बिलकिस बानो के बलात्कारियों को रिहा कर दिया।’’
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना समेत रोजगार योजनाओं पर, ओ’ब्रायन ने दावा किया कि आवेदकों में से केवल कुछ ही लोगों को ऋण स्वीकृतियां मिली हैं, जिससे इस पहल की प्रभावशीलता पर सवाल उठता है।
अपने भाषण में मोदी ने कहा कि भाजपा शरणार्थियों को नागरिकता देने के लिए नागरिकता संशोधन अधिनियम लेकर आई और उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर शरणार्थियों के बीच भय फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन ने हर नागरिक में डर के अलावा कुछ नहीं पैदा किया है, और सरकारी भर्ती में आयु में छूट देने का वादा किया।
मोदी ने यह भी वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने के तुरंत बाद बंगाल में आयुष्मान भारत योजना शुरू की जाएगी।
भाषा देवेंद्र दिलीप
दिलीप