(तस्वीरों के साथ)
कोलकाता, 29 अप्रैल (भाषा) कोलकाता के कालीघाट इलाके में बुधवार को उस समय तनाव फैल गया, जब भवानीपुर से भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी एक मतदान केंद्र पर पहुंचे और तृणमूल कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उनका विरोध किया। इसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और विपक्ष के नेता ने अतिरिक्त केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग करते हुए निर्वाचन आयोग से शिकायत की।
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज किया। अधिकारी ने आरोप लगाया कि नारेबाजी कर रही भीड़ में शामिल लोग ‘‘बाहरी हैं, जो चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।’’
यह घटना कालीघाट के जय हिंद भवन के पास हुई, जब अधिकारी सुबह से भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करने के बाद मतदान व्यवस्था का जायजा लेने वहां पहुंचे थे।
जैसे ही वह वहां पहुंचे, तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके खिलाफ ‘जय बांग्ला’ और ‘चोर, चोर’ के नारे लगाए, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जवाब में ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए, जिससे राजनीतिक रूप से संवेदनशील इस इलाके में तनाव बढ़ गया।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि नारेबाजी तेज हो गई थी और दोनों पक्षों के समर्थक मतदान केंद्र के आसपास जुट गए थे।
पत्रकारों के सामने खड़े होकर अधिकारी ने निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को फोन किया और स्थिति की शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उन पर हमला हुआ है और भाजपा कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है।
उन्हें चुनाव अधिकारियों से कहते सुना गया, ‘‘मुझ पर हमला हुआ है। तुरंत और केंद्रीय बल भेजे जाएं, ताकि मतदाता स्वतंत्र रूप से मतदान कर सकें।’’
उन्होंने इलाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की भी मांग की और आरोप लगाया कि विपक्षी कार्यकर्ताओं तथा मतदाताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि तृणमूल समर्थक जान-बूझकर भवानीपुर में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान रोकने के लिए अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। भवानीपुर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण की सबसे चर्चित सीटों में से एक है।
हालांकि, तृणमूल ने कहा कि स्थानीय लोग अधिकारी के खिलाफ स्वतःस्फूर्त गुस्सा जाहिर कर रहे थे और उसने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया।
अधिकारी सुबह से चक्रबेड़िया, चेतला और मित्रा इंस्टीट्यूशन सहित भवानीपुर के कई मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे हैं, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी चुनाव मैदान में हैं।
दक्षिण बंगाल की 142 सीटों पर विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान जारी है। भवानीपुर में ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला है, जिसके कारण सभी की नजरें इस सीट पर टिकी हुई हैं।
मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा, जबकि मतगणना चार मई को होगी।
भाषा गोला अविनाश
अविनाश