उप्र : बागपत में घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला, एक युवक की मौत

Ads

उप्र : बागपत में घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला, एक युवक की मौत

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 06:29 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 06:29 PM IST

बागपत, 29 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के सरूरपुरकलां गांव में मंगलवार रात एक युवक ने कथित तौर पर शराब के नशे में ऊर्जा निगम के सेवानिवृत्त कर्मी के घर में घुसकर धारदार कृषि उपकरण (बलकटी) से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार गांव में ऊर्जा निगम से सेवानिवृत्त डालचंद अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान नशे में धुत एक युवक उनके घर में घुस आया और कथित तौर पर शराब पीने लगा तथा गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने पास में पड़ी बलकटी उठाकर डालचंद और उनके बेटों सोनू, मोनू तथा अमित पर हमला कर दिया।

इस हमले में डालचंद समेत उनके तीनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प भी हुई, जिसमें दोनों ओर से कई लोग घायल हुए।

सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान डालचंद के बेटे मोनू (30) की मौत हो गई।

मोनू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र पर हंगामा किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

भाषा

सं, जफर रवि कांत