हत्या मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों ने हिरासत से भागने की कोशिश की

Ads

हत्या मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों ने हिरासत से भागने की कोशिश की

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 04:37 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 04:37 PM IST

चंडीगढ़, 18 जून (भाषा) चंडीगढ़ में पिछले सप्ताह एक फार्मेसी के ‘कैशियर’ की हत्या के मामले में जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों ने बृहस्पतिवार को यहां लाए जाने के दौरान कथित रूप से पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस महानिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने यहां संवाददाता सम्मेलन के दौरान बताया कि दोनों आरोपी सनी मेहरा (22) और आर्यन शर्मा (21) जम्मू के रहने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि बुधवार को जम्मू से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं, जिसके बाद पुलिस टीम उन्हें लेकर चंडीगढ़ लौट रही थी। तभी रास्ते में मामूली सड़क दुर्घटना हुई, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की।

अधिकारी ने कहा, ‘उन्होंने पुलिसकर्मियों से हथियार छीन लिया और उन पर हमला कर दिया। हमारी टीम ने उन्हें चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी। जवाबी कार्रवाई के तहत पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।’

सूत्रों के अनुसार, आरोपियों को ला रहे वाहन का चालक भी हादसे में घायल हो गया।

कुमार ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस टीम पर दो गोली जबकि पुलिस ने जवाब में चार गोलियां चलाईं।

पुलिस के अनुसार, 13 जून को यहां सेक्टर-11 में दिनदहाड़े दो नकाबपोश लोगों ने एक दवा दुकान के कैशियर जानकी दास (45) की गोली मारकर हत्या कर दी थी और यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी।

पुलिस के अनुसार हमलावर मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गए थे। उनका एक तीसरा साथी बाहर इंतजार कर रहा था।

सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी दुकान के कैश काउंटर के पास खड़े दिखाई दिए, जिनमें से एक ने अर्ध-स्वचालित पिस्तौल निकाली और बहुत करीब से कैशियर पर 13 गोलियां चला दीं।

महानिरीक्षक ने बताया कि दास पर गोली चलाने वाला सनी था जबकि तीसरे आरोपी अमित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि अमित भी सनी के साथ दवा दुकान के अंदर गया था।

उन्होंने कहा, ‘हम इस मामले का खुलासा करने में सफल रहे हैं। घटना के बाद अपराध शाखा, अभियान प्रकोष्ठ और संबंधित थाने के पुलिसकर्मियों का एक विशेष जांच दल (एसआईटी) बनाया गया था।’

उन्होंने कहा, ‘प्रारंभिक जांच में पता चला कि अपराध करने के बाद आरोपी बस से दिल्ली गए और बाद में ट्रेन से जम्मू पहुंचे। तकनीकी निगरानी और जांच के दौरान मिले अन्य सुरागों के आधार पर हमारी टीम ने जम्मू से इस वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।’

हत्या का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है।

जब यह पूछा गया कि क्या कैशियर की हत्या से पहले दवा दुकान के मालिक को रंगदारी मांगने के लिए कोई फोन आया था, तो महानिरीक्षक ने कहा कि जांच में अब तक ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है।

पुलिस ने गलत पहचान के कारण हत्या होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया है।

दास मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले थे और कुछ समय से यहां धनास क्षेत्र में रह रहे थे।

जिस बाजार में यह घटना हुई, वहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं। यह क्षेत्र स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) के पास स्थित है, इसलिए वहां दवाइयों की कई दुकानें हैं।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश