सरकारी वेबसाइट हैक कर फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने वाले दो लोग गिरफ्तार
सरकारी वेबसाइट हैक कर फर्जी जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने वाले दो लोग गिरफ्तार
चंडीगढ़, तीन नवंबर (भाषा) हरियाणा पुलिस ने बुधवार को कहा कि कई राज्यों की सरकारी वेबसाइट हैक कर कथित तौर पर 800 फर्जी जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने वाले दो लोगों को उसने बिहार से गिरफ्तार किया है।
हरियाणा पुलिस ने एक बयान में कहा कि करनाल रेंज के साइबर अपराध थाने के एक दल ने बिहार के समस्तीपुर के एक गांव से संतोष एवं मंतोष को गिरफ्तार किया और उनके पास से दो लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, एक सीपीयू एवं अन्य चीजें बरामद कीं।
पुलिस ने कहा, ‘‘ पूछताछ से खुलासा हुआ कि आरोपियों ने हरियाणा, बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं कई अन्य राज्यों में सरकारी वेबसाइटों का हैक करके करीब 800 जन्म एवं मृत्युप्रमाण पत्र जारी किये।’’
यह घोटाला तब सामने आया जब करनाल सिविल अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधीक्षक ने हरियाणा पुलिस में शिकायत की कि अस्पताल के जन्म एवं मृत्युप्रमाणपत्र पंजीकरण इकाई के लॉगइन व्यवस्था में छेड़छाड़ की गयी है।
तब करनाल के साइबर थाने में भादंसं एवं सूचना प्रोद्योगिकी कानून की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया।
बयान में कहा गया है, ‘‘ जांच से यह भी सामने आया कि फर्जी प्रमाणपत्र जारी करने के लिए आरोपियों ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक व्हाट्सग्रुप बना रखा था। जैसे ही कोई व्यक्ति जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए उनके संपर्क में आता था , वे इस व्हाट्सग्रुप में एक अलर्ट भेजते थे और मध्यप्रदेश में उनका साथी संबंधित वेबसाइट हैक कर लेता था एवं उसका लिंक ग्रुप में पोस्ट करता था।’’
पुलिस के अनुसार उसके बाद ये दोनों गिरफ्तार आरोपी वेबसाइट में लॉगइन करते थे और ग्राहक के नाम से फर्जी प्रमाणपत्र बनाकर उसे व्हाट्स के माध्यम से उसतक पहुंचा देते थे और उसपर फर्जी हस्ताक्षर होता था। वे इसके लिए मोटी रकम वसूलते थे और ग्राहक यह राशि उनके बैंक खातों में डिजिटल तरीके से डाल देता था। ’’
पुलिस ने कहा कि इस पूरे कारनामे के मुख्य सूत्रधार एवं अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश

Facebook


